बेगुसराय में बनेगा एयरपोर्ट, पटना-हल्दिया जलमार्ग का होगा विकास: सम्राट चौधरी

Share

पटना, 14 मार्च । बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि बीरपुर और वाल्मिकीनगर की तरह जल्द ही बेगूसराय में एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय और शेखपुरा में आयोजित जनसभाओं में कही।

उन्होंने सम्राट चौधरी ने इस मौके पर बताया कि राज्य को समृद्ध बनाने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और बिहार के हर जिले में उद्योग स्थापित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है।

बेगूसराय के बीआईएडीए परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने जिस बेगूसराय में उद्योग की नींव रखी थी, वहां आज औद्योगिक गतिविधियों को नई ऊँचाई मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उर्वरक क्षेत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है। बेगूसराय में प्लास्टिक चेयर सहित कई अन्य उद्योग भी चल रहे हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन को पूरी तरह समाप्त करना है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में बिहार सरकार ने 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव हुआ है। पहले पटना से बेगूसराय जाने में चार से पांच घंटे लगते थे, अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो जाती है। मुजफ्फरपुर भी एक से डेढ़ घंटे में पहुंचा जा सकता है। हल्दिया से रक्सौल तक एक्सप्रेसवे का निर्माण हो रहा है, जिससे बेगूसराय से कोलकाता की दूरी केवल पांच से छह घंटे में तय की जा सकेगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि हरिद्वार की तर्ज पर सिमरिया घाट का विकास किया गया है। सड़क और रेल के विस्तार के बाद एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। इसके अलावा, पटना से हल्दिया जलमार्ग को सुगम बनाने की योजना भी बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी थी। गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं थीं। उस समय राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1,40,000 किलोमीटर हो गई हैं।

बजट के मामले में भी बड़ा बदलाव हुआ है। पहले बिहार का बजट छह हजार करोड़ रुपये था, जबकि अब यह लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बिजली क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। पहले राज्य में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, अब यह संख्या बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गई है। आज 22 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के माध्यम से करीब दो करोड़ महिलाओं को रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का काम भी जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

शेखपुरा में सम्राट चौधरी ने कहा कि वह गर्व महसूस कर रहे हैं कि वे उस विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, जो कभी श्री बाबू के नेतृत्व में था। उन्होंने कहा कि श्री बाबू ने जो विकास की नींव रखी थी, उसे पूरा करने का काम नीतीश कुमार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय का काम किया और नीतीश कुमार ने दोनों विकास और सामाजिक न्याय का काम पूरा किया। उन्होंने दोहराया कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही बिहार का विकास लगातार जारी रहेगा।

———–