अमेठी, 13 मार्च । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरीमऊ गांव में शुक्रवार की सुबह घर के अंदर रसोई में नाबालिक लड़की का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला । सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को फांसी के फंदे से उतारकर कब्जे में लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका का नाम साबरीन (17) पुत्री मकबूल अहमद निवासी हरीमऊ थाना जगदीशपुर है । लड़की के पिता मकबूल अहमद ने बताया कि सुबह उसने लड़की को उठाया और झाड़ू लगाने को कहकर वह खेत की तरफ चला गया था। जब लौट कर आया तो वह फांसी के फंदे से लटक रही थी। जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई है और कार्यवाही कर रही है।
जगदीशपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना कि सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल के साथ वह स्वयं मौके पर पहुंचे। जानकारी करने पर पता चला कि लड़की पिछले 15 दिनों से मानसिक रूप से डिस्टर्ब चल रह रही थी। पिता के द्वारा उसका इलाज कराया जा रहा था। इस बीच वह कई बार इस तरह की हरकत कर चुकी थी। इसी के चलते आज सुबह उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। फिलहाल लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।