सहरसा, 22 मार्च । बिहार दिवस के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी सहित अन्य वरीय, जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वही जिला शिक्षा कार्यालय के तत्वाधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। बिहार दिवस के शुभ अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी दीपेश कुमार,उप विकास आयुक्त गौरव कुमार,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन संजीव कुमार चौधरी,अपर समाहर्ता वि०जांच० गणेश कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,जिला योजना पदाधिकारी ,जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ,जिला शिक्षा पदाधिकारी,वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
उक्त अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा की वर्तमान परिपेक्ष्य में पर्यावरण प्रदूषण एक ज्वलंत समस्या है,जिसके निवारण में पौधारोपण की महती भूमिका है।अत: जनहित में यह आवश्यक है कि सभी पौधारोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग ले।इससे पूर्व बिहार दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी विद्यालयों से संबंधित छात्र,छात्राओं,शिक्षकों के नेतृत्व में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
बिहार महोत्सव के अवसर पर आज प्रेक्षा गृह में अपराह्न:5 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात गजल गायक श्री चंदन दास एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा गायन की प्रस्तुति की जाएगी,उक्त अवसर पर प्रेक्षा गृह में संस्थापित स्टॉल के माध्यम से विभिन्न विभागों के सौजन्य से योजनाओं का प्रचार प्रसार कार्यक्रम किया जाएगा।
बिहार दिवस के उपलक्ष्य में समाहरणालय सहित सभी जिला स्तरीय कार्यालयों को नीली रोशनी से सुसज्जित किया गया है।सायं छह बजे से समाहरणालय सहित अन्य कार्यालयों में बिहार दिवस आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।