फर्रुखाबाद, 06 मार्च । थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव गोटिया के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या यूपी 76 ए के 6212 से दो युवक विवेक पुत्र रामनाथ निवासी अंगूरी बाग बांस मंडी फर्रुखाबाद (25) और गुड्डू पुत्र राजवीर निवासी गंगा दरवाजा फर्रुखाबाद (26) अमृतपुर की ओर से फर्रुखाबाद आ रहे थे। उसी समय फर्रुखाबाद की ओर से एक डीसीएम कैंटर संख्या UP 34 AT 5521 का चालक अमृतपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन गांव गोटिया के पश्चिमी क्षेत्र के सामने पहुंचे, तभी दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत प्राइवेट वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।