छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बस्तर के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

Share

रायपुर, 13 मार्च । छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।बस्तर के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है और बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में आने वाले तीन दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार 13, 14 और 15 मार्च के दौरान बस्तर संभाग के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मुख्य रूप से बस्तर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, और कोंडागांव जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, और बालोद में भी तेज आंधी और बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन इलाकों में तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।हवाओं की गति करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड क्षेत्र में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी दिखाई दे सकता है। फिलहाल राज्य में तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा है, जिसके कारण कई जगहों पर गर्मी का असर बढ़ गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में कुछ क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री तक ज्यादा चल रहा है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी का असर दिन के साथ रात में भी महसूस हो रहा है।