बलिया जिले में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को देवरानी ने जेठानी पर खौलता पानी डाल दिया। पारिवारिक विवाद की इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया।
तिखमपुर निवासी शशि प्रताप सिंह ने शहर कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रविवार सुबह उनकी पत्नी श्रेया सिंह घर पर मोबाइल में भजन-कीर्तन सुनने के साथ ही काम कर रही थी। तभी उनके छोटे भाई की पत्नी गुंजा सिंह उर्फ रिम्पी आई और मोबाइल पटक कर तोड़ दिया। आरोप हैं कि जेठानी श्रेया अपना टूटा मोबाइल देख ही रही थी कि देवरानी गुंजा ने पीछे से आकर खौलता हुआ पानी उस पर उड़ेल दिया। हालत में गंभीर परिजन झुलसी महिला को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया।
सीओ सिटी मो. उस्मान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने आरोपित गुंजा सिंह को रविवार शाम करीब साढ़े चार बाजे गिरफ्तार कर लिया है।