नई दिल्ली, 06 मार्च । मध्य जिला पुलिस ने बलजीत नगर इलाके में होली के दिन विजय नाम के युवक की चाकू गोदकर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में छह लड़कों को पकड़ा है। इनमें ज्यादातर नाबालिग हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि होली के दिन कुछ लड़के विजय के साले संदीप के घर के बाहर शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक लड़का संदीप के घर गया और शराब में डालने के लिए पानी मांगने लगा। संदीप ने इसका विरोध किया और उन्हें गली में शराब पीने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपिताें ने संदीप से झगड़ा शुरू कर दिया। संदीप ने फोन कर अपने जीजा विजय उपाध्याय को बुला लिया। उस वक्त मामला शांत हो गया और आरोपित मौके से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद आरोपित विजय के घर पर पहुंचे और वहां उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपिताें से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक संदीप अपनी मां मुन्नी देवी के साथ बलजीत नगर इलाके में रहता है। उसका जीजा विजय पास में ही गली नंबर-3 में रहता था। वह मूल रूप से एटा, यूपी के रहने वाला था और करोल बाग इलाके में कपड़ों का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने विजय पर चाकू से दर्जनभर वार किए थे। पुलिस को विजय के शरीर पर सीने, चेहरे और पेट में चाकू के वार के निशान मिले हैं। संदीप और उसकी मां मुन्नी ने जब विजय को बचाने का प्रयास किया तो आरोपिताें ने उन पर भी पत्थर से हमला कर दिया था। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल विजय को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस बाबत हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपिताें की पहचान के बाद छह आरोपिताें को पकड़ लिया।