जयपुर, 15 मार्च । उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 15 मार्च को प्रदेश के 10 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
नए सिस्टम के प्रभाव से शनिवार देर रात जयपुर सहित कई जिलों में हल्की बरसात हुई।
मौसम विभाग ने 18 मार्च को फिर से बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना जताई है। शनिवार देर रात जयपुर, टोंक, अजमेर और दौसा सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट हुई और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी धूलभरी हवा और बादलों के कारण मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर धूप कमजोर रही और हल्की हवा चलने से तापमान में कमी आ गई।
शनिवार को कोटा, जोधपुर, जयपुर समेत कई जिलों के अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। प्रदेश के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार वर्तमान में सक्रिय सिस्टम का असर 15 मार्च तक रहेगा, जिससे प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि 16 और 17 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 18 मार्च से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में दो दिन तक आंधी-बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है।