अररिया 13 मार्च।जिले के फारबिसगंज में जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना पर बीती रात कार्रवाई करते हुए ढाई सौ से अधिक भरा घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया है।
फारबिसगंज पोखर बस्ती वार्ड संख्या 15 अंसारी चौक के पास घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़ प्रशासन ने किया है। ।यहां फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण ने फारबिसगंज थाना पुलिस के साथ एक घर और गोदाम बनाकर रखे ताला लगा दुकान से ढाई सौ से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया।
छापेमारी के दौरान मो. इमरान पिता मो. साबिर के घर एवं गोदाम से ढाई सौ से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किया गया।
प्रशासन का मानना है कि ये सभी सिलेंडर अनाधिकृत रूप से कालाबाजारी के उद्देश्य से भंडारित कर रखा गया था।मौके पर से सभी सिलेंडरों को जब्त क फारबिसगंज थाना भेजा गया है।मो.इमरान पिता मो.साबिर के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
मौके पर मौजूद एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने जिला प्रशासन को आम जनता को आश्वस्त किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं आपूर्ति विभाग लगातार गैस एजेंसियों के माध्यम से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। कहीं भी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने मामले की जांच के साथ अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को मिलने वाली रसोई गैस की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी और अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतें थीं। प्रशासन की इस कार्रवाई से ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।