सेल्समैन की पीट-पीटकर हत्या करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Share

कानपुर, 09 मार्च । उप्र के कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत देशी शराब ठेके के सेल्समैन की पीट-पीटकर हत्या के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार देर रात एक आरोपित को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बीती 25 फरवरी को भवानीपुर गांव में देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन उदय सिंह की मारपीट के दौरान मौत हो गई थी। घटना के संबंध में थाना बिधनू में मुकदमा दर्ज कर एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। रविवार को मुखबिर और सर्विलांस के माध्यम से सूचना मिली कि घटना में शामिल एक बदमाश सचेण्डी मार्ग की ओर जा रहा है।

इस पर पुलिस ने चेकिंग लगाकर आरोपित को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपित के पैर में लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपित की पहचान फतेहपुर जिले के रहने वाले छोटू उर्फ चांद उर्फ निसार के रूप में हुई है। शातिर पर पहले से ही लूट और चोरी के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मारपीट की घटना में शामिल उसके दो अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।