औरैया, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के बिधूना मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सड़क पर पलट गया और कार दूसरी लेन पार कर खड्ड में जा घुसी। ऑटो में चालक समेत लगभग नौ लोग सवार थे।हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल और छह लोग मामूली रूप से घायल हुए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस एवं दो एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी बेला भेजा। वहीं खड्ड में फंसी कार से चालक को बाहर निकालकर थाने भेजा गया। ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। घायलों में बेला निवासी अफसर अली (58) पुत्र गुलशेर अली व उनकी पत्नी नाजरा (55), मैनपुरी मोहल्ला मोतीनगर निवासी दीपा (20) पत्नी रोहित, दीपा (26) पत्नी शैलेन्द्र, प्रियंका देवी (24) पत्नी राजीव कुमार, उनके बच्चे नित्या (2) और प्रतीक (9), रीना देवी (30) पत्नी श्याम सिंह शामिल हैं। घायलों का उपचार सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. चंद्रशेखर और फार्मासिस्ट विक्रम सिंह द्वारा किया गया।
अफसर अली और उनकी पत्नी नाजरा की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जनपद कन्नौज स्थित डॉ रामजी अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण भी कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और तहरीर मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की।