वाराणसी, 03 मार्च । वाराणसी के मीरघाट पर एनडीआरएफ ने गंगा नदी में डूब रहे एक युवक को सुरक्षित बचाया।इस बेहतरीन कार्य के लिए घाट पर माैजूद लाेगाें ने एनडीआरएफ की टीम की प्रशंसा की है।
एनडीआरएफ (वाराणसी) उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने मंगलवार काे बताया कि मीर घाट पर गंगा नदी में भदोही जनपद का निवासी एक युवक स्नान के दौरान असंतुलित होकर गहरे जल में चला गया और डूबने लगा। घटना के समय मीर घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात एनडीआरएफ के सतर्क बचावकर्मियों ने युवक को डूबते हुए देखा और बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए गहरे जल में छलांग लगा दी। तत्पश्चात युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर घाट के किनारे लाया गया। उसकी स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
एनडीआरएफ की त्वरित, साहसिक एवं दक्षतापूर्ण बचाव कार्य को घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा और बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। डीआईजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी हुई है। हमारे एनडीआरएफ के बचावकर्मी गंगा घाटों पर 24 घंटे सजग होकर ड्यूटी कर रहे हैं।