राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, कई शहरों में पारा 30 डिग्री पार

Share

जयपुर, 22 फ़रवरी । प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल रहा है। अब सुबह-शाम की सर्दी का असर कम होने लगा है और दिन में तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को राज्य के 10 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया, जिससे दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहा और दिनभर अच्छी धूप खिली रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 31.2, फलोदी में 31.8, बीकानेर में 31.2, जैसलमेर में 31.5 और पाली जिले के जवाई बांध क्षेत्र में 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। डूंगरपुर और फतेहपुर (सीकर) में 30-30 डिग्री, लूणकरणसर में 30.9 और चूरू में 30.4 डिग्री तापमान मापा गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

हालांकि दिन में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन रात के समय कुछ इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है।

सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पाली में 10.6, दौसा में 11.6, सिरोही में 11.4, सीकर में 11.5 और अलवर में 11.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। वहीं बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम सर्द रात रही।

मौसम विभाग के अनुसार साफ आसमान और तेज धूप के चलते आने वाले दिनों में दिन का तापमान और बढ़ सकता है। फिलहाल सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी का मिला-जुला असर बना रहेगा।