ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Share

मीरजापुर, 16 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश में विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत कलना गांव के सामने मीरजापुर–प्रयागराज मार्ग पर शनिवार रात दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

धौरहरा गांव निवासी रितेश शुक्ल उर्फ आयुष (20) पुत्र धनंजय कुमार शुक्ल गैपुरा से घर लौट रहा था। इसी दौरान जिगना की ओर से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद युवक कुछ देर तक सड़क पर तड़पता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पीएचसी सर्रोंई पहुंचाया, जहां से डॉ. पुनीत अग्रवाल ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब साढ़े दस बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रितेश के पिता असम में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। गांव में शोक की लहर फैल गई।

चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर व चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।