पचास करोड़ के प्रावधान पर कुलपति ने जताया आभार

Share

मीरजापुर, 11 फ़रवरी । वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस घोषणा को क्षेत्र की उच्च शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट में की गई यह व्यवस्था विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगी। साथ ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार से प्राप्त आर्थिक सहयोग से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी। इससे विन्ध्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही मंडल में बेहतर उच्च शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र के समग्र शैक्षिक विकास को बल मिलेगा।

कुलपति ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय परिवार की ओर से प्रदेश सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास जताया कि सरकार का सतत सहयोग विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा।