पैसे के विवाद में हुई मारपीट में युवक की मौत, आरोपित जीजा गिरफ्तार

Share

प्रयागराज, 08 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के सेवइथ गांव में शनिवार को बैंक से पैसे निकालने को लेकर हुई मारपीट में बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपित दामाद को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव श्यामजीत ने बताया कि शनिवार देर रात सोरांव थाने को सूचना मिली कि सोरांव थाना क्षेत्र के सेवइथ गांव निवासी गुड्डू लाल पुत्र स्वर्गीय होरीलाल का बैंक से पैसे निकालने को लेकर बेटे अनिल कुमार से मारपीट हो गई। मारपीट में अनिल कुमार की मौत हो गई है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि एक शादी का कार्यक्रम है। जिसके लिए बैंक से पैसे निकालने को लेकर गुड्डू लाल और उसके बेटे अनिल कुमार से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता पुत्र में मारपीट हो गई। इस दौरान गुड्डू लाल घायल हो गया। यह जानकारी होते ही गुड्डू लाल के दामाद गोपालगंज विहार निवासी राजू कुमार पुत्र बच्चा प्रसाद ने अपने साले अनिल कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया । जिससे अनिल कुमार गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल अनिल कुमार को उपचार के लिए सीएचसी सोरांव में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान अनिल कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक अनिल कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और गुड्डू लाल के दामाद राजकुमार पुत्र बच्चा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।