प्रयागराज, 28 फ़रवरी । संगठन में प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता निर्माण की निरंतर चलने वाली साधना का अभिन्न अंग है। यह बात सिविल लाइंस स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर शनिवार को मंडल स्तर पर आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान को लेकर हुई बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करता है तथा प्रशिक्षण के माध्यम से उसकी क्षमता, दक्षता और वैचारिक स्पष्टता में वृद्धि होती है।
उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 15 अप्रैल तक मंडल स्तर पर 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह महाअभियान संगठन की मजबूती, विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
संजय गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ता आधारित है और उसका कार्यकर्ता विचारधारा आधारित है। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता केवल चुनावी योद्धा नहीं, बल्कि समाज का पथप्रदर्शक बनता है।
बैठक में शशि वार्ष्णेय, रमेश पासी, देवेश सिंह, मुरारीलाल अग्रवाल, कुंज बिहारी मिश्रा, डॉ. शैलेष पांडेय, प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, राजेश गोंड, विजय श्रीवास्तव, विवेक अग्रवाल, प्रवीण भारती, राजन शुक्ला, सचिन जायसवाल, शोभिता श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, दीप द्विवेदी, अरुण पटेल, गया प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।