पानीपत, 19 फ़रवरी । पानीपत के गांव जौरासी खास गांव के खेतों में रजवाहे के पास गुरुवार की सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की गोली मारकर हत्या की पुष्टि की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की सुबह एक ग्रामीण ने खेत में शव देखा तो शव पड़ा होने की सूचना सरपंच को दी सरपंच इसकी जानकारी तुंरत पुलिस को दी। ग्रामीणों के अनुसार देर रात तक वहां कोई नहीं दिखा था, जिससे आशंका है कि हत्या सुबह के समय हुई होगी। सूचना मिलते ही समालखा एसएचओ गुलशन कुमार मौके पर पहुंचे।
पानीपत से डीएसपी आत्माराम भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त एफएसएल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार युवक को खड़े-खड़े गोली मारी गई थी। क्योंकि शव पर सिर से खून के छींटे पेट से लेकर पैरों तक फैले हुए थे, जो गोली लगने की पुष्टि करते हैं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।