एसडीएमपी व डीडीएमपी जल्द होंगी जारी, आपदा प्रबंधन सचिव ने समीक्षा की

Share

देहरादून, 24 फरवरी । राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) एवं जनपद आपदा प्रबंधन योजनाओं (डीडीएमपी) को अद्यतन किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

मंगलवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास के सचिव विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सचिव ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, बदलते जलवायु परिदृश्य, नई तकनीकों के समावेशन तथा पूर्व में घटित आपदाओं से मिले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का समय-समय पर अद्यतन किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि अद्यतन योजनाओं में जोखिम मूल्यांकन, संसाधन मैपिंग, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक सहभागिता तथा विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। योजनाओं को फील्ड स्तर पर अधिक व्यावहारिक एवं क्रियान्वयन योग्य बनाने पर भी विशेष बल दिया गया है।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) डीआईजी राजकुमार नेगी, वित्त नियंत्रक अभिषेक कुमार आनंद, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।