उत्तरकाशी, 17 फ़रवरी । उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायतों ने जिलाधिकारी से मनरेगा कार्यों में ऑनलाइन हाजिरी की समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष रमेश नेगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख मांगों में मानदेय वृद्धि, पंचायत सचिवों की कमी, मनरेगा अंतर्गत मटेरियल भुगतान में विलंब, पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलग बजट दरें, आपदा फंड की व्यवस्था और जिला योजना एवं आपदा न्यूनीकरण आवंटन में पंचायतों की भूमिका सुनिश्चित करना शामिल है।
ग्राम पंचायतों का कहना है कि भटवाड़ी विकासखंड की पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ऑनलाइन हाजिरी लागू करना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। अधिकांश ग्राम पंचायतें ऊंचाई पर स्थित हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क की स्थिति कमजोर है, जिससे हाजिरी दर्ज करने में कठिनाई होती है और मजदूरी भुगतान में विलंब होता है।
ज्ञापन में स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन हाजिरी से छूट देने या मैनुअल,ऑफलाइन हाजिरी की वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने का अनुरोध भी किया गया।
इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष राम नरेश, जयवेन्द्र सिंह राणा, महामंत्री अभिषेक रौतेला, कोषाध्यक्ष सुमित्रा, प्रधान प्रतिनिधि बुक्की जितेन्द्र सिंह, कार्यालय मंत्री शैलेन्द्री चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
,