देहरादून, 05 फ़रवरी । उत्तराखंड राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास पर सैन्य धाम के अंतिम चरणों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
मंत्री गणेश जोशी ने सचिव सैनिक कल्याण और विभागीय अधिकारियों के साथ सैन्य धाम के लोकार्पण की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि निर्माण को रोकने के संबंध में पूर्व में दायर जनहित याचिका (पीआईएल) को उच्च न्यायालय द्वारा खारिज कर दिया गया है और न्यायालय ने स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर निर्माण हो रहा है, वह वन भूमि की श्रेणी में नहीं आती।
इस निर्णय के लिए मंत्री जोशी ने उच्च न्यायालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोकार्पण की सभी तैयारियां संपूर्ण और समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शीघ्र ही सैन्य धाम का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैन्य धाम प्रदेश के वीर सैनिकों के सम्मान और गौरव का प्रतीक होगा।
बैठक में सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, उपनिदेशक विंग कमांडर (सेनि) निधि बधानी, एमडी उपनल ब्रिगेडियर (सेनि) जेएनएस बिष्ट, उपनिदेशक कर्नल (सेनि) योगेन्द्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।