हरिद्वार, 08 फरवरी (हि. स.)। स्वामी धर्मानंद महाराज ने रविवार को हिंदू सम्मेलन में समाज, संस्कृति और देशभक्ति पर जोर देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए सभी हिंदुओं को एकजुट होने की जरूरत।
हिन्दू जागरण समिति, श्री राम बस्ती की ओर से रविवार को बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित हिंदू सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर स्वामी धर्मानंद महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल समरसता है और संस्कृति पर बढ़ते आक्रमण तथा घटती जनसंख्या को देखते हुए सभी संतानियों को एकजुट होने की आवश्यकता है।
सम्मेलन में डॉ. निमेष शर्मा ने पंच परिवर्तन पर बोलते हुए समाज में समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी भाव और कुटुंबप्रबोधन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने अमर बलिदानी भगत सिंह के जीवन प्रसंगों के माध्यम से मातृत्व और देशभक्ति की व्याख्या की।
अनिल वर्मा, संघ के संपर्क प्रमुख, ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, स्थापना की पृष्ठभूमि, संगठन, सेवा कार्य और शाखाओं का विवरण दिया।
कार्यक्रम के संरक्षक मनोज द्विवेदी ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और मंच संचालन आर्यवीर ने किया। बच्चों की ओर से गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती से हुआ।
सम्मेलन में नगर संघचालक वकील जी, सह विभाग संपर्क प्रमुख संजय पंवार, सह जिला कार्यवाह संजय, जिला प्रचार प्रमुख देवेश और रानीपुर नगर की संघ कार्यकारिणी उपस्थित रही।