चंपावत, 10 फ़रवरी । चम्पावत जिले में सरकारी स्कूलों की भूमि को अतिक्रमण और कानूनी विवादों से बचाने के लिए चलाए जा रहे “अपना स्कूल, अपनी ज़मीन” अभियान ने गति पकड़ ली है। इस अभियान के तहत अब तक 117 विद्यालयों की भूमि का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 193 अन्य विद्यालयों में यह प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान शुरू होने से पहले जिले में केवल 55 स्कूलों की भूमि के दस्तावेज स्पष्ट थे। अब प्रशासन और शिक्षा विभाग के समन्वय से इस संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्तर के विद्यालयों में राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
प्राथमिक विद्यालयों में चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट और पाटी विकासखंडों में भूमि पंजीकरण की कार्रवाई चल रही है। इसी तरह, कई माध्यमिक विद्यालयों की जमीन भी दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन का मानना है कि यह प्रक्रिया स्कूल परिसरों को स्थायी कानूनी सुरक्षा प्रदान करेगी और भविष्य में किसी भी प्रकार के भूमि विवाद की आशंका को समाप्त करेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राजस्व और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस पहल को केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को एक मजबूत आधार प्रदान करने की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया।