कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध : भट्ट

Share

देहरादून, 4 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने का दावा करते हुए कहा कि सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राजधानी देहरादून और अन्य स्थानों पर हुई अपराध की घटनाओं में आरोपित पकड़े जा चुके हैं और लापरवाह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने विपक्ष से संवेदनशील और गंभीर मामलों पर राजनीति से बचने का आग्रह किया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं और लापरवाही पर कोई भी जिम्मेदार बख्शा नहीं जाएगा। महिला अपराधों में लिप्त दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के साथ ही पीड़ित परिवारों को आवश्यक मदद भी उपलब्ध करवाई जाएगी।