अलवर में महाशिवरात्रि पर गूंजे बम भोले के जयकारे, शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Share

अलवर, 15 फरवरी । महाशिवरात्रि के अवसर पर अलवर जिले के शिव मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। विभिन्न मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखी गईं। प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

शहर के प्राचीन त्रिपोलिया महादेव मंदिर में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई। दूर-दराज से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में लगे रहे। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम को विशेष श्रृंगार का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

जिले के अन्य शिवालयों में भी दिनभर पूजा-अर्चना जारी रही। श्रद्धालु जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर पूजा कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और पुलिस व्यवस्था की गई है।

महाशिवरात्रि पर नीलकंठ महादेव मंदिर, नलदेश्वर महादेव मंदिर, भर्तहरि शिव मंदिर तथा तालवृक्ष स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। कई श्रद्धालु व्रत रखकर रात्रि जागरण और भजन-कीर्तन में भाग ले रहे हैं।