राजस्थान में गर्मी की दस्तक, बाड़मेर सबसे गर्म, 17 से मौसम बदलने के आसार

Share

जयपुर, 16 फ़रवरी । राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। रविवार को पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ अब पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप के आसार हैं। हालांकि 17 फरवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव आ सकता है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कई शहरों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक मापा गया। जैसलमेर में तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री ऊपर रहा। बाड़मेर में 6.4, श्रीगंगानगर में 6, बीकानेर में 5.8, पिलानी (झुंझुनूं) में 5.5, जोधपुर में 4.8 और जयपुर में 4.6 डिग्री अधिक तापमान मापा गया।

जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी और बीकानेर में अब सुबह-शाम की सर्दी लगभग समाप्त हो गई है। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह रहा है। सीकर, फतेहपुर, पिलानी, झुंझुनूं और चूरू सहित अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 17 फरवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के चूरू, सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में आंशिक बादल छाने, हल्की से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

फिलहाल प्रदेश में तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोगों को दिन में गर्म मौसम का सामना करना पड़ रहा है, जबकि आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।