कानपुर में छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Share

कानपुर, 03 फरवरी । उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिठूर थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुरुआती जांच में पुलिस को छात्र की जेब से दो पन्नों का सुसाइड नोट और घटनास्थल से शराब की बोतल,सिगरेट के पैकेट मिले हैं।

बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि कानपुर देहात के रसूलाबाद कैंजरी निवादा निवासी जयवीर सिंह सेना से रिटायर्ड हैं। वर्तमान में वह बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। परिवार में मां मोना देवी, दो बेटे पुष्पेंद्र और अजीत (25) उर्फ जीतू हैं।

परिजनों ने बताया कि जीतू पिछले तीन साल से एलमिको टाउनशिप के पीछे होरा बांगर स्थित अपने ताऊ के निर्माणाधीन मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इससे पहले भी वह कई परीक्षाएं दे चुका है। आज बर्रा स्थित कोचिंग जाने के लिए जीतू के दोस्त ने उसे कॉल किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। वह घर पहुंचा तो उसने जीतू का शव फांसी के फंदे से झूलता देखा। उसने पुलिस को सूचित किया।