नई दिल्ली, 03 फरवरी । अमेरिका के साथ ट्रेड डील के ऐलान की वजह से घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। आज के कारोबार की शुरुआत जोरदार उछाल के साथ हुई थी। दिन के कारोबार में मुनाफा वसूली होने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। इसके बावजूद ये दोनों सूचकांक जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.54 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी ने 2.55 प्रतिशत की उछाल के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। निफ्टी का बैंकिंग इंडेक्स 2.43 प्रतिशत, आईटी इंडेक्स 1.41 प्रतिशत, ऑटोमोबाइल इंडेक्स 2.81 प्रतिशत, कैपिटल गुड्स इंडेक्स 3.71 प्रतिशत, कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स 2.60 प्रतिशत, एफएमसीजी इंडेक्स 0.73 प्रतिशत, हेल्थकेयर इंडेक्स 2.83 प्रतिशत, मेटल इंडेक्स 2.85 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस इंडेक्स 1.77 प्रतिशत, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स 1.82 प्रतिशत और टेक इंडेक्स 1.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 2.79 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.91 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 467.09 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 455.03 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,422 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,299 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 989 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 134 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,941 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,494 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 447 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर बढ़त के साथ और 2 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर हरे निशान में और 3 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 3,656.74 अंक की जोरदार छलांग लगा कर 85,323.20 अंक के स्तर पर खुला।
कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 15 मिनट में ही ये सूचकांक उछल कर 4,205.27 अंक की जबरदस्त तेजी के साथ 85,871.73 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से अगले 1 घंटे के कारोबार में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 2,370 अंक से अधिक गिर कर 83,501.22 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिसकी वजह से सेंसेक्स 2,072.67 अंक की मजबूती के साथ 83,739.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 1,219.65 अंक उछल कर 26,308.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में ये सूचकांक उछल कर 1,252.80 अंक की मजबूती के साथ 26,341.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से सुबह 10:30 बजे के करीब निफ्टी ऊपरी स्तर से करीब 700 अंक फिसल कर 25,641.30 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण निफ्टी 639.15 अंक की बढ़त के साथ 25,727.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज 10.38 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 10.10 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 8.11 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 6.72 प्रतिशत और इंटरग्लोब एवियशन 5.53 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 0.44 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.03 प्रतिशत और नेस्ले 0.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।