सीमा पर एसएसबी ने ब्राउन शुगर और नेपाली शराब जब्त किया, दो तस्कर गिरफ्तार

Share

सुपौल, 18 फ़रवरी । जिले के भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ और नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त की है। इस अभियान में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर की सीमा चौकी रिफ्यूजी कॉलोनी ने थाना बसमतिया पुलिस के साथ विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 42 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा।

कमांडेंट गौरव सिंह के अनुसार 17 फरवरी को विश्वसनीय सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 199/05 के पास घेराबंदी की। घात लगाकर निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम रबी राम बिश्वकर्मा, निवासी सिंधुली (नेपाल) बताया। उसके कब्जे से प्लास्टिक में पैक ब्राउन शुगर बरामद हुई। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी और बरामद नशीला पदार्थ थाना बसमतिया को सौंप दिया गया।

इसके अलावा 18 फरवरी को सीमा चौकी नरपतपट्टी ने नाका ड्यूटी के दौरान दो मोटरसाइकिल के साथ 120 लीटर नेपाली शराब जब्त की, जिसे कानूनी प्रक्रिया पूरी कर एक्साइज विभाग सिमराही को सुपुर्द किया गया। वहीं उसी दिन सीमा चौकी नियोर ने 89.1 लीटर नेपाली शराब बरामद कर एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चंचल कुमार, ग्राम नियोर, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई, जिसे विधिक कार्रवाई के बाद थाना आंध्रमठ को सौंप दिया गया।

संयुक्त अभियान में एसएसबी के सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह, एएसआई बबलू कुमार, एएसआई भारत भूषण तथा बिहार पुलिस के उप निरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही। एसएसबी ने कहा है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।