नई दिल्ली, 08 फरवरी । पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली और जहीर खान ने रविवार को भारतीय कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग (बीसीपीएल) सीजन 4 के ट्रॉफी और जर्सी अनावरण समारोह में शामिल हुए। लीग अपने अब तक के सफर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्वरूप अपनाने जा रही है, जिसमें दस टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सौरव गांगुली ने कहा कि जब मेरी मुलाकात बीसीपीएल के चेयरमैन सौरभ झा से हुई, तो मैंने उनसे कहा कि हम सभी की शुरुआत कुछ इसी तरह से हुई थी। हमारे शुरुआती दिनों में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। मैंने टाटा स्टील के लिए काम किया और काफी कॉर्पोरेट क्रिकेट खेला, जिससे मुझे जरूरी एक्सपोजर मिला और मैं चयनकर्ताओं की नजर में आया।
गांगुली ने कहा कि बीसीपीएल एक बेहतरीन मंच है, क्योंकि देशभर में क्रिकेट को जुनून के साथ देखा जाता है और अनगिनत लोग प्रतिस्पर्धी स्तर पर क्रिकेट खेलने का सपना देखते हैं। भारतीय कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग प्रतिभाशाली कॉर्पोरेट पेशेवरों के लिए दरवाजे खोलेगा और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने तथा क्रिकेट में करियर बनाने का मार्ग प्रदान करेगा।
जहीर खान ने भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि बीसीपीएल प्रतिभाशाली कॉर्पोरेट पेशेवरों के लिए अपने कौशल को प्रदर्शित करने और अपने क्रिकेटिंग सफर को आगे बढ़ाने का एक शानदार मंच है। क्रिकेट हमेशा से हमारे देश की धड़कन रहा है और भारत में प्रतिभा शायद ही कभी अनदेखी रह जाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में बीसीपीएल कॉर्पोरेट समुदाय के भीतर छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने का एक मजबूत मंच बनकर उभरेगा। मैं इस शानदार पहल की परिकल्पना करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए सौरभ झा को बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं।
सौरव गांगुली बीसीपीएल सीजन 4 में मेंटर की भूमिका भी निभाएंगे। यह सीजन पहली बार पैन-इंडिया प्रतिनिधित्व के साथ आयोजित किया जाएगा, जो पहले तीन सत्रों में मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर तक सीमित खिलाड़ी आधार से आगे बढ़ेगा। जहीर खान ब्रांड एंबेसडर होने के साथ-साथ बीसीपीएल की तकनीकी समिति के सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।
कार्यक्रम में लीग के चेयरमैन सौरभ झा ने कहा कि बीसीपीएल के पीछे हमारी सोच हमेशा से कॉर्पोरेट क्रिकेट और पेशेवर क्रिकेट इकोसिस्टम के बीच की खाई को पाटने की रही है। भारत में कॉर्पोरेट समुदाय के भीतर अपार क्रिकेट प्रतिभा मौजूद है, जो संरचित अवसरों की कमी के कारण अक्सर सामने नहीं आ पाती। बीसीपीएल का उद्देश्य एक विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना है, जहां ऐसी प्रतिभाओं की पहचान की जा सके, उन्हें निखारा जा सके और आगे बढ़ने के स्पष्ट रास्ते उपलब्ध कराए जा सकें। सौरव गांगुली और जहीर खान जैसे दिग्गजों के सहयोग से हम इस लीग को आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
लीग को पंजीकरण के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसके बाद पिछले वर्ष के अंत तक देश के 21 शहरों में चार चरणों में ट्रायल आयोजित किए गए। इनमें से चयनित 300 खिलाड़ियों को उसी दिन आयोजित हुई नीलामी प्रक्रिया के लिए पूल में शामिल किया गया। नीलामी में चुने गए खिलाड़ी एक सीजन में 2 लाख रुपये से 15 लाख रुपये तक की कमाई कर सकते हैं। विजेता टीम को 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा, प्लेयर ऑफ द सीरीज को कार भी प्रदान की जाएगी।