गाजियाबाद, 24 फ़रवरी । जिले के थाना मोदीनगर क्षेत्र में रहने वाले एक बेटे ने संपत्ति उसके नाम ट्रांसफर न करने पर अपने माता-पिता को चाकू से गोद दिया। अत्यंत गंभीर हालत में दाेनाें काे मेरठ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपित काे तलाश कर रही है।
माेदी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि मोदीनगर की गोविंदपुरी कॉलोनी में 70 वर्षीय रमाशंकर अपनी पत्नी सुशीला देवी व पुत्र मनोज, पुत्रवधु किरण के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि पुत्र मनोज अपने पिता पर काफी समय से मकान अपने नाम कराने का दवाब बना रहा था। चार दिन पहले भी इस बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित बुजर्ग शिकायत लेकर गोविंदपुरी पुलिस चौकी पर पहुंचे थे। सोमवार को भी बुजर्ग दंपति ने मारपीट की शिकायत मोदीनगर थाने में की थी। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करने बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। उन्होंने बताया कि बेटे मनोज ने चाकू से अपने माता पिता पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपित फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले कोई तहरीर नहीं आई है। आरोपित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।