लोको पायलट परिवारों की सुरक्षा को मिला संबल

Share

जोधपुर, 16 फरवरी । उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा लोको पायलटों एवं उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय बहुद्देश्यीय संरक्षा मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य रेलवे संरक्षा नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानियों तथा सुरक्षित जीवन-शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेलवे संरक्षा में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों की जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा बच्चों में प्रारंभ से ही सुरक्षा संस्कार विकसित करने पर बल दिया। संरक्षा मेले के दौरान मंडल रेलवे अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मयंक द्वारा सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें डमी मॉडल के माध्यम से आपात स्थिति में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्वयं डीआरएम द्वारा भी सीपीआर डेमोन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया।

मेले के अंतर्गत कार्मिक शाखा द्वारा शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं को सुना गया और त्वरित समाधान के प्रयास किए गए। वहीं रेलवे अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पॉवर) जोगेंद्र मीणा ने स्वागत किया तथा कार्यक्रम का संचालन मुख्य लोको निरीक्षक दुर्गाराम सेन द्वारा किया गया। शिविर में कुल 122 रनिंग स्टाफ एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।