रेवाड़ी, 18 फ़रवरी । रेवाड़ी में बुधवार को विधायक लक्ष्मण यादव ने बस स्टैंड के नए भवन के निर्माण का शुभारंभ किया। रामगढ़ रोड के दक्ष प्रजापति चौक पर 20 एकड़ में बनने वाले भवन पर 40 करोड़ की लागत आएगी। जिसमें एक साथ 18 बसें खड़ी हो सकेगी। जिसे पूरा करने के लिए दो साल का समय निर्धारित किया गया है।
विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि बस स्टैंड पूरी तरह से आधुनिक होगा। जिससे रेवाड़ी को नई पहचान मिलेगी। करीब 15 एकड़ में बस स्टैंड भवन का निर्माण होगा। पांच एकड़ में वर्कशॉप और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। बस स्टैंड का भवन दो मंजिला होगा। 40 करोड़ बस स्टैंड निर्माण और 25 करोड़ दूसरे कार्यों पर खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसका शिलान्यास किया था। ठेकेदार और अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
देरी के सवाल पर विधायक ने कहा कि 2013 में जल्दबाजी में तत्कालीन सरकार ने शिलान्यास कर दिया। जिसके चलते कोर्ट केस इत्यादि के चलते निर्माण में देरी हुई। जिसका निर्माण कार्य आज शुरू कर दिया गया तथा अगले दो साल में इसे पूरा कर लिया जाएगा।
बता दें कि 15 जून को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था। अगस्त माह में 42 करोड़ रुपये के सिविल वर्क के लिए लोकनिर्माण विभाग की तरफ से रेवाड़ी बस स्टैंड के निर्माण के लिए टेंडर लगाया गया था। रेवाड़ी का बस स्टैंड शहर में बना हुआ है। जिससे शहर में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बस स्टैंड शहर से बाहर शिफ्ट होने के बाद शहर को काफी हद तक जाम से मुक्ति मिलेगी। बस स्टैंड का निर्माण रामगढ़ रोड पर किया जा रहा है। फिलहाल रामगढ़ रोड पर बस की एंट्री और एग्जिट आउटर सरकुलर रोड पर ही रहेगी। रामगढ़ रोड न केवल सीधा हाइवे से जुड़ा है, बल्कि इससे आवागम करने पर दूरी भी आधे से कम है।