बारिश-ओलावृष्टि के बाद बदला मौसम, राजस्थान में अब तापमान बढ़ने के संकेत

Share

जयपुर, 20 फ़रवरी । बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। तापमान में गिरावट के कारण राज्य में सर्दी का असर बढ़ गया है। गुरुवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे मापा गया, जिससे सुबह-शाम मध्यम और दिन में हल्की सर्दी महसूस की गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। वहीं जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर और धौलपुर सहित कई जिलों में दोपहर तक हल्के बादल छाए रहे, जिससे धूप का असर कम रहा और तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो सकी। गुरुवार को दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस फलोदी और बाड़मेर में रहा, जबकि अधिकांश शहरों में यह 30 डिग्री से नीचे रहा।

राज्य के कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंडक बनी रही।

जयपुर, फतेहपुर, सीकर, श्रीगंगानगर, चूरू और अलवर सहित कई स्थानों पर हल्का कोहरा देखा गया। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस अलवर और फतेहपुर में रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप रहने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। विशेषकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

तापमान बढ़ने के साथ ही दिन में हल्की गर्मी का असर शुरू होगा, जबकि सुबह-शाम की सर्दी में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है।