रायपुर, 19 फ़रवरी । रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के नए कुलपति की नियुक्ति का राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा आज गुरुवार काे आदेश जारी कर दिया गया है। हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज दयाल को इस प्रतिष्ठित पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रो. मनोज दयाल नियुक्ति से पहले वे हिसार विश्वविद्यालय में मीडिया और जनसंचार विभाग के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे। उन्हें मीडिया शिक्षा और शोध का दशकों लंबा अनुभव है। पत्रकारिता के मूल्यों और जनसंचार की आधुनिक तकनीकों पर उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है। उनके पास अध्यापन और शोध का कुल 35 सालों का लंबा अनुभव है। 15 साल से अधिक समय से प्रोफेसर के रूप में कार्यरत रहे हैं । उनके मार्गदर्शन में अब तक एक दर्जन (12) से अधिक शोधार्थियों ने पीएचडी पूर्ण की है। उनकी जनसंचार और पत्रकारिता पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति का पद रिक्त होने के बाद, राजभवन द्वारा गठित सर्च कमेटी ने कई वरिष्ठ नामों पर विचार किया था। प्रो. मनोज दयाल के अनुभव और विजन को देखते हुए उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।