निजी बस ऑपरेटर्स : हड़ताल टूटने के बाद सडक़ों पर दौड़ी निजी बसें

Share

जोधपुर, 27 फरवरी । प्राइवेट बसों की हड़ताल तीन दिन बाद आखिर गुरुवार रात समाप्त हो गई। प्रशासन से वार्ता में विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद बस ऑपरेटर्स की मांगें पूरी करने पर सहमति बनी। कुछ मांगों पर सहमति बन गई। प्राइवेट बस ट्रांसपोर्टर्स ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की एवं देर रात से निजी बसों का संचालन शुरू कर दिया। इससे रोडवेज बसों में अब यात्रीभार कम हो गया है।

प्राइवेट बस ऑपरेटर्स सोमवार रात बारह बजे से हड़ताल पर थे। प्रदेश भर में 35 से 40 हजार प्राइवेट बसों का संचालन तीन दिन से बंद था। इससे आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा दिक्कत आई। प्रदेश भर में प्रतिदिन करीब 15 लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित हो रहे थे। प्राइवेट बसों की हड़ताल से रोडवेज बसों पर यात्री भार बढ़ गया था। लंबी दूरी पर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर होली का त्योहार निकट होने पर घर जाने वाले परेशान थे।

ऑल राजस्थान कांटेक्ट कैरिज बस आपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में करीब 35000 प्राइवेट बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार रात प्रशासन से वार्ता में सहमति बनने पर निजी बसों की हड़ताल समाप्त कर दी गई। लगातार खराब होते हालात पर सीएमओ ने संज्ञान लिया।

डीजीपी ने जयपुर पुलिस के अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद बस ऑपरेटर्स से वार्ता की गई। बातचीत में कुछ मांगों पर सहमति बन गई, जबकि कुछ मांगें विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद पूरा करने का आश्वासन दिया गया।