प्रयागराज, 15 फ़रवरी । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज माघ मेला के अंतिम महत्वपूर्ण स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर पावन त्रिवेणी में शुभमुहूर्त में हर-हर महादेव के जय घोष से आस्था की डुबकी शुरू हो गई। रविवार भोर से ही संगम सहित सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा । सुरक्षा के मद्देनजर जल पुलिस एवं प्रशिक्षित गोताखोर, नाविक व एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। इसके साथ ही सभी घाटों की सीसीटीवी कैमरे एवं एआई से लगातार पुलिस के अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पतित पावनी मां गंगा एवं यमुना और अन्त:सलीला सरस्वती के पावन संगम में रविवार भोर से हर-हर महादेव के जय घोष के साथ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। आस्था की डुबकी के बाद मां गंगा की पूजा अर्चना एवं आरती करने के बाद बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए संगम तट पर स्थित शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मनकामेश्वर, नागवासुकी मंदिर, शंकर विमान मंडपम, ब्रह्मेश्वर महादेव, पांडेश्वर महादेव मंदिर, कोटेश्वर महादेव, सहित प्रयागराज में स्थित सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। महाशिवरात्रि के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा, माघ मेला पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार पांडेय, मेला अधिकारी ऋषिराज, जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य, पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव लगातार निगरानी करते हुए अपने मातहतों को दिशा निर्देश दे रहे हैं। शिवमन्दिरो की निगरानी के लिए पुलिस बल, महिला सिपाहियों को तैनात किया गया है।