केंद्रीय बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने वाला: बंसल

Share

हरिद्वार, 15 फ़रवरी । राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि केंद्रीय बजट देश की आर्थिक मजबूती, युवाओं के रोजगार, किसानों की आय वृद्धि और महिलाओं के सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने वाला है तथा इसमें आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल यहां मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता कर रहे थे। इस पत्रकार वार्ता का आयोजन भाजपा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट की महत्वपूर्ण घोषणाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देने के लिए बुलाया गया था।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के लिए राहत देने वाला साबित होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के विकास कार्यों का सीधा लाभ उत्तराखंड सहित पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजट में स्थानीय विकास, सड़क, परिवहन और शहरी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

पत्रकार सम्मेलन में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच को दर्शाता है। उन्होंने इसे विकास, विश्वास और अवसर का बजट बताते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार के राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, भाजपा नेता सुशील त्यागी, जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह, सह संयोजक युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, जिला उपाध्यक्ष संजीव तोमर, जिला मंत्री सतीश सैनी, मंडलअध्यक्ष सुमित अग्रवाल, डॉ अमन गुप्ता, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, प्रमोद चौधरी, कार्यालय प्रभारी कदम सिंह आदि भी उपस्थित रहे।