जींद, 12 फ़रवरी । जुलाना क्षेत्र के मालवी गांव के पास पुलिस ने नशा तस्कर को काबू कर उसके कब्जे से चार किलो 158 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान भैणी महाराजपुर निवासी सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गुरूवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोसन ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मालवी गांव के आसपास एक युवक नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। जिसका वजन चार किलो 158 ग्राम हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश किया गया है, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह गांजा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।