रायगढ़, 19 फ़रवरी । कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपित परमेश्वर सोनी उर्फ प्रेम सोनी को आज गुरुवार काे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपित को मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक सीजी 06 जीवाय 3880 जब्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि 2 नवंबर 2025 को कोतवाली पुलिस द्वारा लक्ष्मीपुर निवासी आशा सोनी पति गोविंद सोनी के घर मुखबिर सूचना पर गांजा रेड की कार्रवाई की गई थी, जिसमें महिला आरोपित के कब्जे से अवैध बिक्री के लिए रखा गया 3 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36,000 रुपये तथा एक ओपो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया था। इस मामले में आरोपित आशा सोनी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 567/2025 धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। महिला आरोपित से पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने गांजा आपूर्ति श्रृंखला की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 3 नवंबर को उसके साथ अवैध गांजा विक्रय में संलिप्त आरोपित विद्याधर गिरी (उम्र 22 वर्ष) निवासी ग्राम बिरकोल थाना सराईपाली को गिरफ्तार किया था, जिसने महिला आरोपित को गांजा उपलब्ध कराना स्वीकार किया था।
इस गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा एक अन्य आरोपित परमेश्वर सोनी उर्फ प्रेम सोनी (उम्र 36 वर्ष) निवासी ग्राम बिरकोल थाना एवं तहसील सराईपाली जिला महासमुंद, घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही थी तथा न्यायालय में धारा 193(8) बीएनएसएस के तहत चालान प्रस्तुत कर आरोपित की तलाश जारी थी। ऑपरेशन आघात के तहत फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय मुखबिर तंत्र लगाया गया था, जिस पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल को आरोपित के बस स्टैंड के पास होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपित परमेश्वर सोनी उर्फ प्रेम सोनी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा प्रकरण में उसके विरुद्ध शीघ्र पूरक चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्रवाई में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, कोसो जगत, प्रधान आरक्षक दिलीप भानू और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है ।