सूरजपुर : पीएम आवास योजना से नीरावती का सपना साकार, कच्चे घर से पक्के आशियाने तक नई शुरुआत

Share

सूरजपुर, 18 फ़रवरी । ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण प्रभावी साबित हो रही है। योजना के तहत ग्राम देवीपुर की नीरावती के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है। वर्षों तक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर रही नीरावती का पक्के घर का सपना अब साकार हो चुका है।

नीरावती बताती हैं कि पहले उनका परिवार मिट्टी और खपरैल से बने पुराने मकान में रहता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, दीवारों में दरारें थीं और आंधी-तूफान के समय घर में रहना खतरे से खाली नहीं था। छोटे बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए असंभव सा था। कई वर्षों तक उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में ही जीवन यापन किया।

आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत पात्र पाए जाने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में स्वीकृति मिली। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता, किस्तों में राशि का समय पर भुगतान और पंचायत के मार्गदर्शन से उन्होंने चरणबद्ध तरीके से अपना पक्का घर तैयार किया। आज उनका परिवार मजबूत दीवारों और सुरक्षित छत वाले नए आवास में रह रहा है। घर के साथ उन्हें स्वच्छ शौचालय और मूलभूत सुविधाएं भी मिलीं, जिससे जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।

नीरावती के अनुसार, यह योजना उनके लिए सिर्फ एक मकान नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और स्थायित्व की नई पहचान है। अब उन्हें हर मौसम में घर की चिंता नहीं सताती और बच्चे भी सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर पा रहे हैं।

जिले में योजना का प्रभाव व्यापक रूप से दिखाई दे रहा है। अब तक 59,779 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जो कुल स्वीकृत आवासों का 83 प्रतिशत है। विशेष रूप से पिछले दो वर्षों में 33,608 आवास पूर्ण हुए हैं, जो कुल पूर्णता का 56 प्रतिशत से अधिक है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि जिले में योजना का क्रियान्वयन तेज गति से हो रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने हजारों जरूरतमंद परिवारों को कच्चे घरों की असुरक्षा से मुक्ति दिलाकर उन्हें पक्के आशियाने का भरोसा दिया है। नीरावती की कहानी इसी बदलाव की एक प्रेरक मिसाल है, जो बताती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचे तो जीवन की दिशा बदल सकती है।