पिपरा के रामनगर में भीषण अगलगी, पांच घर जलकर राख,किशोर झुलसा

Share

सुपौल, 15 फ़रवरी । जिला स्थित पिपरा थाना क्षेत्र के रामनगर पंचायत वार्ड संख्या 16 में देर रात भीषण अगलगी की घटना में अलग-अलग परिवारों के पांच घर जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से घरों में रखा फर्नीचर, अनाज, कपड़े, बक्से और जरूरी कागजात सहित लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना में एक किशोर झुलस गया, जिसका इलाज सुपौल सदर अस्पताल में चल रहा है।

गृहस्वामी पृथी तांती और शिवनारायण तांती ने बताया कि अलाव से अचानक आग भड़क उठी। परिवार के लोग सोए हुए थे, गर्मी महसूस होने पर नींद खुली तो घर धू-धू कर जल रहा था। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पड़ोसी घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। नटाय तांती, वीरेन तांती और कैलू तांती के घरों में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। अनुमान है कि घटना में पांच लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है।

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। इस घटना में वीरेन तांती का 15 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार झुलस गया, जिसे इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर उमा कुमारी अंचलाधिकारी, पिपरा)मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत स्वरूप प्लास्टिक शीट और कंबल उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों से आवेदन मांगा गया है, सरकारी नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।