जोधपुर, 13 फरवरी (हि.स.।) जिले के भोपालगढ़ तहसील के देवातड़ा गांव में आज सुबह एक वृद्ध की हत्या कर कंठी और मंगलसूत्र लूट लिया गया। हत्या बाद में फरार हो गए। पुलिस की गठित टीमों ने तत्काल कार्रवाई कर दो युवकों को डिटेन किया है। जिनसे अब पूछताछ की जा रही है। हत्या का एक आरोपी परिचित है और घर में आना जाना भी था। मृतका के कोई संतान नहीं है।
भोपालगढ़ सीओ भूराराम खिलेरी ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि देवातड़ा गांव में रहने वाली वृद्ध महिला 74 साल ओमकंवर पत्नी गंगासिंह की किसी ने हत्या कर दी है और लूटपाट की गई है। इस पर पुलिस वहां पहुंची। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नारायण टोगस, वृत्ताधिकारी भूराराम खिलेरी, भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम आदि वहां पहुंचे। प्रथम दृष्टया पता लगा कि ओमकंवर के सिर पर लोहे के संभल से वार कर हत्या की गई है। उनके कपड़े अस्त व्यस्त मिले। काफी संघर्ष के आलामात के साथ उनकी हत्या की गई। हत्यारों ने कंठी और मंगलसूत्र लूट लिया।
पति गंगासिंह लौटे तब लगा पता :
उपाधीक्षक भूराराम खिलेरी ने बताया कि पति गंगासिंह सुबह जल्दी गवाड़ पर चले गए। बाद में साढ़े 11 बजे लौटे तब ओमकंवर घर के फ र्श पर रक्त रंजित हालत में मृतावस्था मिली। बाद में रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दिए जाने पर पुलिस आई। खिलेरी ने बताया कि दो बदमाशों को डिटेन किया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया उनके नशे के आदी होने का भी पता लगा है। फिलहाल अग्रिम पड़ताल की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंपा गया है।