नगर पालिका चुनाव : चाईबासा में 61.05 और चक्रधरपुर में 57.95 प्रतिशत मतदान

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 23 फ़रवरी । जिले में सोमवार को नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं और शाम पांच बजे तक निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया पूरी कर ली गई। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शाम 05 बजे तक चक्रधरपुर नगरपरिषद (खण्ड-ख) में 57.95 प्रतिशत और चाईबासा नगरपरिषद (खण्ड-ख) में 61.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

दिनभर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। कहीं से भी किसी बड़ी गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई केंद्रों पर दोपहर बाद भी लंबी कतारें लगी रहीं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। प्रशासन की ओर से दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और रैंप की व्यवस्था की गई थी।

मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) तक पहुंचाया जा रहा है। वज्रगृह में सीसीटीवी निगरानी और त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटियों को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा। प्रत्याशियों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है और मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी। मतगणना को लेकर भी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने पर प्रशासन ने मतदाताओं, सुरक्षाकर्मियों और चुनावकर्मियों का आभार व्यक्त किया है।