शिवपुरीः सायबर सेल की तत्परता से 90 हजार रुपये की ठगी राशि पीड़ित को वापस

Share

शिवपुरी, 10 फ़रवरी । मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सायबर अपराध के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सायबर सेल ने एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। सायबर फ्रॉड का शिकार हुए एक नागरिक को उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई 90 हजार रुपये की राशि न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से वापस दिलाई गई।

साइबर सेल द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई 20 जुलाई 2025 को न्यू कॉलोनी बैराढ़, शिवपुरी निवासी राजेश कुमार गर्ग (50) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी कर उनके यूको बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने जिले में बढ़ते सायबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट एवं उनकी टीम ने त्वरित जांच करते हुए फ्रॉड की गई राशि के बैंकिंग ट्रांजैक्शन का पता लगाया। जांच में सामने आया कि ठगी की गई राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खातों में स्थानांतरित हुई थी। सायबर सेल ने तत्काल संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर राशि को होल्ड कराया। इसके पश्चात न्यायालय के आदेश के आधार पर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई। सायबर सेल की तत्परता और पेशेवर कार्रवाई से राहत पाकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिला पुलिस एवं सायबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सायबर अपराधों से बचाव हेतु सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन लिंक पर प्रतिक्रिया देने से पूर्व सावधानी रखें। सायबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 अथवा स्थानीय सायबर सेल से संपर्क करें।