सीहोरः कुबेरेश्वरधाम पर आधुनिक प्राथमिक चिकित्सालय का आज होगा श्रीगणेश

Share

सीहोर, 08 फरवरी । देश में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा निशुल्क एंबुलेंस सेवा और मंदिर परिसर में प्राथमिक उपचार केन्द्र के बाद अब सर्व सुविधायुक्त प्राथमिक चिकित्सालय की सुविधा आज रविवार से आरंभ होने जा रही है।

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा अपने पिताश्री पंडित स्वर्गीय रामेश्वर दयाल मिश्रा की स्मृति में धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं और आस-पास के ग्रामीणों को तत्काल स्वास्थ्य लाभ मिले, इस उद्देश्य से परिसर में प्राथमिक स्वास्थ्य चिकित्सालय का शुरुआत करने जा रहे हैं। आधुनिक प्राथमिक चिकित्सालय में आईसीयू सुविधा के शुरू होने से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की सुविधा धाम पर आने वालों के अलावा आस-पास के ग्रामीणों को मिलेगी। इसका शुभारंभ रविवार को दोपहर साढ़े बारह बजे मंत्री विश्वास सारंग के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुओं के द्वारा किया जाएगा।

सहूलियत के साथ नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी

पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि हर रोज हजारों की संख्या में कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहता है। इसको आने वाले समय में बड़े रूप में चिकित्सालय को विकसित किया जाएगा। जिससे जहां क्षेत्रवासियों को धाम में ही और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने लगेगी, इससे उन्हें छोटी-छोटी बीमारियों के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा। यहां सहूलियत के साथ नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके केन्द्र में बीपी, शुगर सहित अन्य की जांच भी मौके पर हो जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सालय में आईसीयू, जनरल ओपीडी के अलावा अन्य सुविधा दी जाएगी। वहीं समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

कुबेरेश्वर धाम पर चिकित्सा सुविधाओं में रहेंगी ये सुविधाएं

निशुल्क जांच व दवा: प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में रक्तचाप, मधुमेह और अन्य आवश्यक जांच नि:शुल्क होगी।सुविधाएं: केंद्र में बेड की व्यवस्था के साथ ही अनुभवी नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।एम्बुलेंस सेवा: आपातकालीन स्थिति के लिए धाम पर 24/7 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।