इंदौर, 28 फरवरी । मप्र के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि इन्दौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन सडक प्रोजेक्ट का कार्य शीघ्र चालू होगा। यह फोरलेन सडक सिंहस्थ महापर्व-2028 को देखते हुए यह नींव का पत्थर साबित होगी। इन्दौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन सिटी के लिए यह प्रोजेक्ट लाभदायक होगा। इस प्रोजेक्ट से किसानों को आर्थिक लाभ होगा।
मंत्री सिलावट शनिवार को इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन सडक प्रोजेक्ट से प्रभावित किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि प्रभावित हुई उन्हें उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन से पूरा सहयोग लिया जाएगा। हम मुख्यमंत्री मोहन यादवजी के आभारी है, जिन्होंने सांवेर विधानसभा के 19 गांवों के 662 प्रभावित किसानों को लगभग 627 करोड की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई और हमारी जमीनों का उचित मुआवजा दिलाया, जिससे सांवेर के किसानों और प्रभावित परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी साथ ही यह सडक प्रोजेक्ट से क्षेत्र में बेहतर एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करते हुए औद्योगिक, व्यापारिक और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत 19 गांवों की सडकों के दोनों और सर्विस रोड, अंडरपास एवं आवश्यक डक्ट का निर्माण होगा, जिससे यातायात ओर अधिक सुरक्षित होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत भूमि अधिग्रहण के बदले उचित मुआवजा राशि मिलने और सडक निर्माण संबंधी समस्याओं का निराकरण करने पर सांवेर विधानसभा क्षेत्र के किसानों और भूस्वामियों ने फटाके फोडकर खुशी जाहिर करते हुए मंत्री तुलसी सिलावट का भव्य स्वागत कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
शनिवार को रेसीडेंसी कोठी में फटाके फोडकर फूलों की पांखुरियों से मंत्री तुलसी सिलावट को साफा, पुष्पमाला और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रभावित किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कलेक्टर शिवम वर्मा और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त कर कहा कि यह उचित मुआवजा उनके लिए आर्थिक रूप से सहायक साबित होगा और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। मंत्री सिलावट के नेतृत्व में सडक प्रोजेक्ट में एलिवेटेड कोरिडोर के स्थान पर जमीनी स्तर पर बनाने पर दिनांक 5-6 मार्च को मुख्यमंत्री निवास भोपाल में 19 गावों के सैकड़ो किसान द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सहित 20 गांवो के सैकडों किसान मौजूद रहे।