अंबिकापुर : गुम महिला को पुलिस ने सुरक्षित खोज निकाला, परिजनों को सौंपा

Share

अंबिकापुर, 03 फ़रवरी । सरगुजा पुलिस गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार लोगों को राहत पहुंचा रही है। इसी कड़ी में थाना गांधीनगर पुलिस ने गुम हुई एक महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है।

गांधीनगर पुलिस ने मंगलवार को बताया कि, सूचक मानप्रताप सिंह, निवासी चांदनी बिहारपुर, सूरजपुर (वर्तमान पता सुभाषनगर, गांधीनगर) ने 2 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी सास सुकवरिया सिंह 1 फरवरी को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच बिना बताए घर से निकल गई थीं। परिजनों द्वारा आसपास और गांव में काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाना गांधीनगर में गुम इंसान क्रमांक 13/26 दर्ज किया गया।

रिपोर्ट दर्ज होते ही गांधीनगर पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू की। त्वरित कार्रवाई के दौरान 2 फरवरी 2026 को गुमशुदा महिला सुकवरिया सिंह को बरामद कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह घर का पता भूल जाने के कारण होटल शैलगिरी, शुभ होंडा के पास चली गई थीं। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस दौरान उनके साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।

महिला को सुरक्षित दस्तयाब करने के बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने समय पर कार्रवाई के लिए सरगुजा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गुमशुदगी से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना में दें, ताकि समय रहते त्वरित कार्रवाई कर किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। सरगुजा पुलिस आम नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, महिला प्रधान आरक्षक फिलोमीना पन्ना एवं महिला आरक्षक प्रिया रानी की सक्रिय भूमिका रही।