झज्जर:आईपीएस आत्महत्या केस को सीएम सैनी ने संयम से संभाला: अठावले

Share

झज्जर, 15 फ़रवरी । केंद्रीय सामाजिक न्याय व सशक्तिकरण राज्यमंत्री रामदास अठावले ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को उस मामले में क्लीन चिट दी है जिसमें विपक्ष ने प्रचार किया था कि पूर्व आईपीएस वाई पूर्ण कुमार आत्महत्या मामले में मुख्यमंत्री से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल के सामने मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी पावर एक चपरासी को बदलने तक कि नहीं है।

अठावले ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ, बल्कि सीएम ने इस मामले में समय रहते और बगैर किसी देरी के काम किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने संयम के साथ स्थिति को संभाला है। रामदास अठावले रविवार को जिले के गांव माजरी में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

अपनी ही पार्टी के किसान मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए प्रदीप बाल्याण के बुलावे पर गांव माजरी पहुंचे अठावले ने सरकार द्वारा किसान, दलित, बेरोजगार और विकास की नई-नई योजनाएं बनाए जाने की बात भी कही। कांग्रेस सहित विपक्ष द्वारा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए रामदास अठावले ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि विदेशी तर्ज पर सदन में भी राहुल गांधी देश और आर्मी को बदनाम करने की दिशा में काम करना चाहते थे। लोकसभा अध्यक्ष ने ऐसा होने नहीं दिया। अब वह दुष्प्रचार कर रहे है कि उन्हें सदन में बोलने ही नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ड्रामेबाजी से कांग्रेस को कोई फायदा होने वाला नहीं है। देश-विदेश में प्रधानमंत्री और देश के खिलाफ बार.बार बोल कर राहुल गांधी अपनी ही छवि खराब कर रहे हैं।

उन्होंने यह तो माना कि पूर्व में हुए लोस चुनाव के दौरान संविधान बदलने के प्रचार से विपक्ष को फायदा हुआ और राजग को नुकसान। मनरेगा का नाम बदलने और विपक्ष द्वारा इसे मुद्दा बनाने के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि नाम जरूर बदला है, लेकिन काम अधिक अच्छा है। अब न सिर्फ मजदूरी ज्यादा दिनों की मिल रही है, बल्कि पैसे भी मजदूरी के ज्यादा मिल रहे हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पंवार की विमान हादसे में मौत होने को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवाल को लेकर अपनी बात रखते हुए रामदास अठावले ने कहा कि यह केवल और केवल दुष्प्रचार है, सच्चाई इससे कोसों दूर है। यह एक हादसा है और फिर भी मामले की जांच चल रही है। सच्चाई लोगों के सामने आ जाएगी।