नई दिल्ली, 10 फरवरी । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में निगम विद्यालयों के 91 उत्कृष्ट शिक्षकों को वर्ष 2025 के निगम शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्नयन पत्रिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विद्यालयों से पढ़े 22 पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप महापौर जय भगवान यादव ने निगम से कई कार्यो के लिए अपील की।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि शिक्षक सभी के जीवन को दिशा देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अपने शिक्षकों के सिखाए मार्ग पर चलकर ही आज दिल्ली के महापौर के रूप में आप को संबोधित कर रहा हूं।
महापौर ने कहा कि शिक्षक सही मायने में राष्ट्र निर्माता है और उसके हाथों में युगों को परिवर्तित करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मुझे इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अवसर मिला जिसमें शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों में समाज के सबसे गरीब वर्ग के बच्चे आते हैं और इनको अच्छी शिक्षा देकर इन्हें अच्छा नागरिक बनाना सच्ची देशसेवा है और इसके लिए निगम सभी शिक्षकों का अभिवादन करता है।
महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम विद्यालयों को उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और निगम इसमें कोई भी कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों से पढ़े छात्र आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर जैसे उत्कृष्ट पदों पर आसीन हैं जोकि निगम के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर उप महापौर जय भगवान यादव ने कहा कि आज सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र दिए जा रहे हैं और इन्हें सम्मान राशि भी जल्द ही मिलेगी। उपमहापौर ने कहा कि निगम विद्यालयों में गरीब बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं जिनके पास आवश्यक दस्तावेज नहीं होते। उन्होंने निगम से अपील की है कि दस्तावेजों के अभाव में किसी भी छात्र को शिक्षा से वंचित न रखा जाए।
उप महापौर जय भगवान यादव ने कहा कि कुछ विद्यालयों को छोड़कर अधिकतर विद्यालयों में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के लिए भी कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने निगम से अपील की कि इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि राष्ट्रीय ध्वज का सही तरीके से मान सम्मान हो सके। उन्होंने कहा कि निगम समावेशी शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर नेता सदन प्रवेश वाही, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, निगम की महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा रेखा रानी, शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी, अतिरिक्त आयुक्त एंजल भाटी, शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे।